सितारगंज(ऊधम सिंह नगर)। सितारगंज क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे कड़े अभियान में अग्रिम भूमिका निभाने वाले दो पुलिसकर्मियों को उनकी बहादुरी और उत्कृष्ट कार्य के लिए बड़ा सम्मान मिला है। क्षेत्र में लगातार अपराधियों की कमर तोड़ने वाले हेड कांस्टेबल मतलूब खान और कांस्टेबल प्रेम कनवाल को जिले के पुलिस कप्तान अजय गणपति द्वारा पुरस्कृत किया गया है।
नशा तस्करों के खिलाफ की थी ताबड़तोड़ कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, सितारगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हेड कांस्टेबल मतलूब खान एवं कांस्टेबल प्रेम कनवाल द्वारा पिछले कुछ समय से नशा तस्करों, ड्रग्स माफियाओं और शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार बेहद प्रभावी और सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही थी। इनके द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों के चलते क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर काफी हद तक लगाम लगी है।

क्राइम मीटिंग के दौरान एसएसपी ने थपथपाई पीठ
इन दोनों जांबाज पुलिसकर्मियों के इसी उत्कृष्ट, निष्ठावान और प्रशंसनीय कार्य को देखते हुए आज जिला मुख्यालय पर आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक (Crime Meeting) के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति ने इन्हें विशेष रूप से मंच पर आमंत्रित किया। एसएसपी ने दोनों पुलिस कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और सम्मान देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

एसएसपी अजय गणपति ने साफ कहा कि ईमानदारी और मुस्तैदी से काम करने वाले हर पुलिसकर्मी को विभाग इसी तरह प्रोत्साहित करेगा, ताकि जिले में अपराधियों के हौसले पूरी तरह पस्त किए जा सकें। इस सम्मान के बाद सीतारगंज पुलिस टीम और स्थानीय नागरिकों ने भी दोनों पुलिसकर्मियों को बधाई दी है