लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के विरुद्ध की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर राजधानी लखनऊ में जनाक्रोश चरम पर है। बुधवार को हजरतगंज चौराहे पर विभिन्न हिंदू संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं और सर्व समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अब्दुल्ला सलीम की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। 

विवाद की जड़: मुख्यमंत्री की माता पर आपत्तिजनक बयान 

यह पूरा विवाद बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम (अब्दुल सलीम चतुर्वेदी) द्वारा दिए गए एक कथित बयान के बाद शुरू हुआ। आरोप है कि एक धार्मिक सभा के दौरान मौलाना ने उत्तर प्रदेश के गौ-हत्या कानूनों की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के लिए बेहद अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया था। 

पार्षद स्वदेश सिंह और कार्यकर्ताओं ने घेरा हजरतगंज

हजरतगंज में हुए प्रदर्शन का नेतृत्व स्थानीय पार्षद स्वदेश सिंह और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया। प्रदर्शनकारियों ने हजरतगंज के गांधी पार्क और चौराहे पर एकत्र होकर मौलाना के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पूज्य माताजी के प्रति ऐसी टिप्पणी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी

80 से अधिक थानों में FIR दर्ज

मौलाना के इस बयान के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में गुस्से की लहर है। अब तक राज्य के 83 से अधिक थानों में मौलाना के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई जा चुकी है। बलरामपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष की तहरीर पर सबसे पहले मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें मौलाना पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने और लोक शांति भंग करने की धाराएं लगाई गई हैं। 

पुलिस अलर्ट पर, गिरफ्तारी की मांग तेज

प्रदर्शन के दौरान हजरतगंज चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपी मौलाना की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *