रूद्रपुर। औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल पंतनगर स्थित ‘ग्रीन पैनल’ फैक्ट्री में गुरुवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी की। विभाग की यह कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से संचालित की जा रही है। सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें न केवल पंतनगर बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में स्थित ग्रीन पैनल और ग्रीन प्लाई के अन्य ठिकानों व फैक्ट्रियों पर भी एक साथ छापेमारी कर रही हैं। आयकर विभाग की टीम सुबह तड़के ही करीब आधा दर्जन वाहनों में सवार होकर फैक्ट्री परिसर पहुंची। छापेमारी शुरू होते ही फैक्ट्री प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया सुरक्षा के मद्देनजर टीम ने सबसे पहले फैक्ट्री के एंट्री और एग्जिट गेटों को अपने नियंत्रण में ले लिया और भीतर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए फैक्ट्री के भीतर और बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि बाहरी हस्तक्षेप न हो सके। प्रारंभिक सूचना के अनुसार यह पूरी कार्रवाई करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी बताई जा रही है। आयकर अधिकारी फैक्ट्री के लेखा-जोखा,स्टॉक रजिस्टर और कंप्यूटर हार्ड डिस्क की गहनता से जांच कर रहे हैं। गौरतलब है कि ग्रीन पैनल देश की बड़ी एमडीएफ और प्लाईवुड निर्माता कंपनियों में शुमार है। सूत्रों का कहना है कि यह छापेमारी लंबी चल सकती है वर्तमान में फैक्ट्री के भीतर किसी को भी आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। विभाग द्वारा अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है लेकिन माना जा रहा है कि दिल्ली और बरेली से आई टीमों के नेतृत्व में यह बड़ी छापेमारी की जा रही है। इस छापेमारी से सिडकुल की अन्य बड़ी कंपनियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *