पीलीभीत। जनपद के थाना जहानाबाद क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ललौरीखेड़ा में एक 16 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना को लेकर समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में अखिल भारत हिंदू महासभा ने जिला एवं पुलिस प्रशासन को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर आरोपी के विरुद्ध कठोरतम और निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है। महासभा ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र जन-आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को प्रेषित ज्ञापन में कहा गया है कि गत 24 जून को ग्राम ललौरीखेड़ा निवासी लगभग 80 वर्षीय वृद्ध नौबत सिंह ने मानवता की सारी सीमाएं लांघते हुए नाबालिग बच्ची को घर पर अकेला पाकर दुर्भावनापूर्ण नीयत से प्रवेश किया और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। इस जघन्य वारदात से पीड़िता गहरे मानसिक सदमे में है। हिंदू महासभा की नगर अध्यक्ष (महिला) गीता मिश्रा ने तीखा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 15 दिनों के भीतर जिले में इस प्रकार की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे जनपद की चरमराती कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
संगठन ने दृढ़ता से अपनी बात रखते हुए कहा कि अपराधी का कोई धर्म, जाति या वर्ग नहीं होता। कुछ समय पूर्व जिले में एक मुस्लिम व्यक्ति द्वारा मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने पर प्रशासन ने जिस प्रकार त्वरित एवं सख्त रुख अपनाते हुए अनुकरणीय कार्रवाई की थी, ठीक उसी तर्ज पर इस मामले में भी बिना किसी भेदभाव या राजनीतिक-सामाजिक दबाव के वैसी ही कठोरतम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए। कानून का इकबाल बुलंद करने और अपराधियों में डर पैदा करने के लिए आरोपी नौबत सिंह के मकान पर भी तत्काल बुलडोजर चलाया जाना न्यायसंगत और बेहद आवश्यक है।
ज्ञापन सौंपने और विरोध दर्ज कराने वालों में मुख्य रूप से महिला हिंदू महासभा की नगर अध्यक्ष गीता मिश्रा, महिला जिला अध्यक्ष बिन्दु सिंह, नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप और नगर महामंत्री यज्ञ स्वरूप शामिल रहे। इनके साथ ही मधु देवी, योगेश्वरी देवी, मीना देवी, छाया देवी, सुमन तथा संगठन के अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।