-बेनहर पब्लिक स्कूल के एरीना हॉल में आयोजित शिविर में व्हीलचेयर, बैसाखियां और कृत्रिम हाथ-पैर पाकर आत्मनिर्भर बने लाभार्थी
पीलीभीत। रोटरी क्लब ऑफ पीलीभीत ग्रेटर द्वारा बेनहर पब्लिक स्कूल के द एरीना हॉल में जरूरतमंद दिव्यांगजनों के लिए एक भव्य एवं निःशुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल के तहत शिविर में पहुंचे पात्र लाभार्थियों को कार्यशील कृत्रिम हाथ (अपर लिंब प्रोस्थेसिस), कृत्रिम पैर (लोअर लिंब प्रोस्थेसिस), केएएफओ (KAFO), बैसाखियां तथा व्हीलचेयर पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की गईं। वर्षों बाद कृत्रिम अंगों का सहारा और नई गति पाकर दिव्यांगजनों के चेहरों पर अनूठी खुशी देखने को मिली। क्लब की इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग को शारीरिक संबल देकर उनके जीवन को एक नई दिशा प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इस गरिमामयी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन सीए राजेन विद्यार्थी तथा विशिष्ट अतिथि चीफ डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रोटेरियन मोहन गुप्ता रहे। अतिथियों ने रोटरी क्लब ऑफ पीलीभीत ग्रेटर द्वारा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के लिए किए जा रहे इस पुनीत कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके जीवन की बाधाओं को कम करने का यह प्रयास पूरे समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और अनुकरणीय है।
शिविर का कुशल नेतृत्व क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. अनुज अग्रवाल एवं सचिव रोटेरियन डॉ. पावन कटियार ने संयुक्त रूप से किया। इस सेवा कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने में कोषाध्यक्ष रोटेरियन सीए मुदित अग्रवाल, विनय गुप्ता, संजय अग्रवाल, संजय बंसल, विशाल, नीरज, प्रिंस, शरद, रवि वैश्य, शैशव और हर्षित ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर बेनहर पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक रोटेरियन डॉ. परविंदर सिंह साहमेय, डिस्ट्रिक्ट चेयर ब्लड डोनेशन रोटेरियन एस.पी.एस. संधू, रोटरी क्लब पीलीभीत के अध्यक्ष रोटेरियन अनिल सक्सेना, सचिव रोटेरियन कपिश अग्रवाल, रोटरी क्लब बरेली मैग्नेट सिटी के अध्यक्ष रोटेरियन अंकुर अग्रवाल तथा अमन सिंघल विशेष रूप से उपस्थित रहे और सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के समापन पर रोटरी क्लब ऑफ पीलीभीत ग्रेटर ने शिविर को सफल बनाने वाले सभी दानदाताओं, स्वयंसेवकों और अतिथियों के प्रति आभार जताया तथा भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी और सेवापरक कार्य निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।