पीलीभीत। थाना क्षेत्र के अंतर्गत पौटा डाम के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डीबी फीडर नहर से निकली चैनल नहर के पुल की रैलिंग से एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल टकरा गई, जिसके परिणामस्वरूप बाइक सवार एक व्यक्ति की नहर में डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम करगैना पीरा निवासी रूपलाल अपने भतीजे अर्जुन के साथ माधौपुर स्थित एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करने जा रहे थे। शाम लगभग सात बजे जैसे ही उनकी बाइक पौटा डाम के पास चैनर नहर पुल पर पहुँची, अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रैलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्जुन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि रूपलाल उछलकर सीधे नहर के गहरे पानी में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में गोताखोर सलीम और प्रेमपाल ने भारी मशक्कत के बाद रूपलाल के शव को पानी से बाहर निकाला। मृतक रूपलाल अपने पीछे दो मासूम बच्चों और पत्नी सावित्री देवी को छोड़ गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)