पीलीभीत। भारत सरकार की ‘नेशनल एक्शन फॉर मेकेनाइज्ड सेनिटेशन इकोसिस्टम’ (नमस्ते) योजना के अंतर्गत आज गांधी प्रेक्षागृह में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री (सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय) श्री बी.एल. वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए जनपद के 452 लाभार्थियों को पीपीई किट, 30 को आयुष्मान कार्ड और कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 20 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित कीं। मंत्री जी ने नगर पालिका अध्यक्ष को आधुनिक सफाई मशीनें खरीदने हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए ताकि भविष्य में स्वच्छता कार्य को पूरी तरह मशीनीकृत किया जा सके।


​अपने संबोधन में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा ने योजना की प्रगति साझा करते हुए बताया कि देश भर में अब तक 89,248 सीवर सेप्टिक टैंक वर्कर्स का सत्यापन किया जा चुका है, जिनमें से 87,037 को पीपीई किट और 74,647 को आयुष्मान कार्ड का लाभ दिया गया है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पीलीभीत में 92 सीवर कर्मी और 452 वेस्ट पिकर्स की प्रोफाइलिंग पूर्ण हो चुकी है। मंत्री जी ने कहा कि ‘वंचितों को वरीयता’ देना सरकार का मूल मंत्र है। ऐतिहासिक रूप से उपेक्षित रहे सफाई मित्रों को मुख्यधारा में लाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना ‘विकसित भारत 2047’ के व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा है, ताकि विकास की यात्रा में हर व्यक्ति सहभागी बन सके।


​कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने महात्मा गांधी के विचारों को उद्धृत करते हुए कहा कि स्वच्छता, स्वतंत्रता से भी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ रखने वाले इन कर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और बीमा सुनिश्चित करना प्रशासन का परम कर्तव्य है। इस गरिमामयी अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूर्व विधायक अग्येष रामसरन वर्मा, किशनलाल राजपूत, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार योगिता स्वरूप, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम और अपर जिलाधिकारी प्रसून द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi