पीलीभीत। नगर पालिका परिषद पीलीभीत की बोर्ड बैठक में एक ऐतिहासिक और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला, जहाँ परिषद के वरिष्ठतम सभासद गोकुल प्रसाद मौर्य के भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनोनीत होने पर उनका अभूतपूर्व अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बैठक शुरू होने से पूर्व ही पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल के नेतृत्व में समस्त सभासदों और पालिका कर्मचारियों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर पालिका के मुख्य द्वार से लेकर सभा कक्ष तक एक विजय जुलूस निकाला। इस दौरान समूचा परिसर पुष्प वर्षा और स्वागत नारों से गूंज उठा। पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने गोकुल प्रसाद मौर्य को माल्यार्पण कर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित करते हुए कहा कि एक जमीनी कार्यकर्ता और अनुभवी सभासद का इस महत्वपूर्ण पद पर पहुंचना पूरे नगर पालिका परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और नगर विकास के कार्यों को नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने इस स्नेहपूर्ण स्वागत के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की गरिमा को बनाए रखने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए सदैव संकल्पित रहेंगे। स्वागत समारोह के पश्चात आयोजित औपचारिक बोर्ड बैठक में शहर की बुनियादी समस्याओं और आगामी विकास योजनाओं पर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में मुख्य रूप से आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए सफाई व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने तथा शहर के प्रत्येक वार्ड में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कर पथ प्रकाश व्यवस्था सुचारू करने के कड़े निर्देश दिए गए। सभासद साकेत सक्सेना के संचालन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष इंद्रेश चौहान, वतनदीप मिश्रा, निर्मल सिंह, विपिन गंगवार, इकबाल हजरत, चेतन गंगवार, शरीफ अंसारी, राशिद हुसैन, पुष्पा उपाध्याय, सुनीता सिंह, रत्ना शुक्ला, शिखा वर्मा, विकास बाबू, अनस अंसारी, निज़ाकत अली कादरी, सुरेश लोधी, मोहन स्वरूप, पल्लवी, शिवम श्रीवास्तव, जाहिदा बी, विपिन मिश्रा, अवतार सिंह मोनू, जगन्नाथ प्यारे और पंकज तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।