सितारगंज। उधमसिंह नगर के सितारगंज में बाइक लूट की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस को भी जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। इस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने मुख्य आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक बरामद कर ली है।

तलवार की नोंक पर लूटी थी बाइक

घटना मंगलवार शाम की है। ग्राम लामाखेड़ा निवासी अरुण सिंह राणा अपनी बाइक से औदली स्थित पेट्रोल पंप जा रहे थे। रास्ते में ग्राम भरौनी निवासी गुरमीत सिंह और उसके एक साथी ने अरुण की गर्दन पर तलवार रखकर उसे डराया-धमकाया और बाइक लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर एसआई ललित चौधरी और एएसआई राकेश रौंकली तुरंत एक्शन में आए और आरोपियों का पीछा करते हुए भरौनी गांव स्थित गुरमीत के घर दबिश दी।

पुलिस टीम पर झोंका फायर

पुलिस जैसे ही आरोपी के घर पहुंची, आरोपियों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी गुरमीत के पिता मोहन सिंह के उकसाने पर गुरमीत और उसके साथी घर के अंदर से तलवार और पाटल निकाल लाए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो गुरमीत ने पुलिस टीम पर सीधा फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि फायर मिस हो गया और पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ दो राउंड फायरिंग की, जिससे घबराकर आरोपी खेतों की ओर भागने लगे।

पिता गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी

पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी गुरमीत के पिता मोहन सिंह (68 वर्ष) को दबोच लिया। पूछताछ में मोहन सिंह ने कुबूला कि उसके बेटों गुरमीत और मक्खन ने अपने साथी इंद्रजीत उर्फ दिलबाग के साथ मिलकर बाइक लूटी थी। पुलिस ने मौके से लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली है।

सीओ बीएस धौनी ने बताया कि फरार आरोपी गुरमीत, मक्खन और इंद्रजीत की तलाश में पुलिस टीमें लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं। आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले और लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *