दियोरिया कला (पीलीभीत)। थाना क्षेत्र के गांव लभौआ में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ खेल-खेल में पैर फिसलने के कारण एक दो वर्षीय मासूम की नहर में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में चीख-पुकार मची है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान सत्यपाल के छोटे बेटे आर्यन के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के किनारे से बह रही ईंटगांव रजवाहा नहर के समीप आर्यन अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते अचानक वह नहर के बिल्कुल किनारे पहुँच गया, जहाँ पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में जा गिरा। साथ खेल रहे बच्चों के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँचे और कड़ी मशक्कत के बाद मासूम को पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे दियोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।