अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में होली की खुशियों के बीच एक ऐसी वारदात हुई जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना देहलीगेट इलाके में बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में ‘होली मिलन’ का बहाना बनाकर एक बड़े कारोबारी के घर को निशाना बनाया।

रंग और गुलाल की आड़ में वारदात
घटना घुड़िया बाग (हाथरस वाला पेंच) इलाके की है। स्क्रैप कारोबारी विनोद कुमार वाष्र्णेय अपने घर में मौजूद थे, तभी दरवाजे पर दस्तक हुई। चेहरे पर गुलाल लगाए एक युवक ने बाहर से ‘हैप्पी होली’ और ‘होली मिलन’ की आवाज दी। जैसे ही कारोबारी ने दरवाजा खोला, युवक के पीछे छिपे तीन और हथियारबंद बदमाश जबरन घर के अंदर घुस गए।

दंपती को बंधक बनाकर पीटा
घर में घुसते ही बदमाशों ने तमंचे और चाकू की नोक पर विनोद कुमार और उनकी पत्नी सुमन को कब्जे में ले लिया। जब दंपती ने विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उन्हें एक कमरे में बंधक बना लिया।

महिला के कंगन तक उतरवाए
बदमाशों ने घर के कोने-कोने की तलाशी ली और करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर व नकदी बटोर ली। क्रूरता की हद यह थी कि बदमाशों ने महिला के हाथों से सोने के कंगन भी जबरदस्ती उतरवा लिए और शोर मचाने पर अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और फिंगरप्रिंट टीम मौके पर पहुँची। पूरी वारदात घर के अंदर लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

होली जैसे त्योहार पर हुई इस सनसनीखेज लूट से इलाके के व्यापारियों में दहशत और भारी नाराजगी है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *