पीलीभीत। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के अधिकारों और उनकी प्रगति को समर्पित एक भव्य ‘महिला अधिकार मार्च’ का आयोजन किया जाएगा। अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत, 8 मार्च को पूरनपुर तहसील क्षेत्र में संगठन की ओर से शक्ति प्रदर्शन और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में संगठन की ब्लॉक संयोजक मारिया ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पूरनपुर को औपचारिक सूचना देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की है।
तय कार्यक्रम के अनुसार, रविवार 8 मार्च को सुबह 11:00 बजे जायसवाल कॉलोनी स्थित भाकपा (माले) कार्यालय से इस मार्च का शुभारंभ होगा। महिला अधिकार मार्च नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ ब्लॉक चौराहा पहुँचेगा और वहां से रेलवे स्टेशन रोड होते हुए गंतव्य तक संपन्न होगा। इस मार्च के माध्यम से संगठन महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और समाज में उनके समान अधिकारों की मांग को प्रमुखता से उठाएगा।