रूद्रपुर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स ने अवैध हथियारों के सौदागरों और सक्रिय गैंगस्टरों के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी सफलता हासिल की है। रुद्रपुर पुलिस के साथ मिलकर की गई इस संयुक्त कार्रवाई में एसटीएफ ने दो और हार्डकोर अपराधियों को 3 लोडेड अवैध तमंचों और 10 जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटों में हुई इन ताबड़तोड़ गिरफ्तारियों के बाद पूछताछ में अवैध हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जांच में मुख्य हथियार सप्लायर का नाम भी प्रकाश में आया है जिसकी तलाश में एसटीएफ की टीमें जुट गई हैं माना जा रहा है सप्लायर की गिरफ्तारी के बाद हथियारों की तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ होगा। एस एसपी अजय सिंह के अनुसार पकड़े गए अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सटीक इनपुट मिलने पर एसटीएफ और रुद्रपुर पुलिस ने घेराबंदी कर जितेन्द्र वीरत चौधरी निवासी बिलासपुर (रामपुर) और सुमित राठौर निवासी ट्रांजिट कैम्प (रुद्रपुर) को दबोच लिया।आरोपी जितेन्द्र वीरत चौधरी रामपुर के थाना बिलासपुर में धारा 307 (हत्या का प्रयास) के मामले में काफी समय से वांछित चल रहा था। इन गिरफ्तारियों से कुमाऊं क्षेत्र में होने वाली संभावित गैंगवार और हत्या जैसी गंभीर वारदातों को समय रहते विफल कर दिया गया है।
एसटीएफ की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 24 घंटों में कुल 03 कुख्यात अपराधियों को जेल भेजा जा चुका है इनके कब्जे से अब तक कुल 6 अवैध तमंचे और 21 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।गिरफ्तार अभियुक्तों पर दोनों राज्यों में हत्या के प्रयास के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस सफल अभियान में एसटीएफ के कुमांयू निरीक्षक एमपी सिंह, उपनिरीक्षक बृजभूषण गुररानी, प्रकाश भगत, हे0 का0गोविन्द बिष्ट, जगपाल सिंह, संजय कुमार, गुरवंत सिंह और मोहित वर्मा शामिल रहे। वहीं थाना रुद्रपुर पुलिस टीम से निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उपनिरीक्षक मोहन जोशी, कानि. नवीन गिरि और चालक मोहन प्रकाश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे एक दिन पूर्व एसटीएफ कुमांयू व रूद्रपुर पुलिस द्वारा सन्दीप चौहान पुत्र श्री तेजपाल चौहान निवासी मलिक फार्म, डिबडिबा थाना बिलासपुर जनपद रामपुर उ0प्र0 उम्र-26 वर्ष को गिरफ्तार कर उसके पास से 03 अवैध तमंचे .315 बोर 11 जिन्दा कारतूस बरामद किये थे, उस पर विभिन्न थानों में गम्भीर धाराओं में 11 मुकदमें दर्ज हैं ’अभियुक्त को गिरफतार करने वाली टीम में एसटीएफ कुमांयू निरीक्षक एमपी सिंह, उ.नि.बृजभूषण गुररानी, उ.नि. प्रकाश भगत, हे.का. गोविन्द बिष्ट, हे.का. जगपाल सिंह, हे.का. संजय कुमार, हे.का. गुरवंत सिंह सहित कोतवाल रुद्रपुर मनोज रतुडी, उ0नि0 अनिल जोशी, अ0उ0नि0 अमित कुमार, कानि0 हरीश बिष्ट, कानि0 ताजवीर शाही, कानि0 दीपचन्द पाटनी व कानि0चालक नरेश जोशी शामिल रहे।
