सितारगंज/बनबसा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर आज देश-दुनिया के साथ-साथ सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 57वीं वाहिनी ने भी बेहद भव्य और उत्साहपूर्ण तरीके से योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा से लेकर जम्मू-कश्मीर की घाटियों तक, एसएसबी के जांबाजों और उनके परिवारों ने इस वैश्विक उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस दौरान चंपावत के बनबसा स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए, जहाँ उन्होंने जवानों और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर योगाभ्यास किया।

कमांडेंट गंगा सिंह उदावत के नेतृत्व में जवानों का उत्साह

57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट श्री गंगा सिंह उदावत के कुशल नेतृत्व में योग का यह महापर्व केवल वाहिनी मुख्यालय तक ही सीमित नहीं रहा। वाहिनी प्रांगण के साथ-साथ भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित विभिन्न सीमा चौकियों (BOPs) और उनके अंतर्गत आने वाले सीमावर्ती व वायब्रेंट गांवों (Vibrant Villages) में भी बड़े स्तर पर योग सत्र आयोजित किए गए।

इन कार्यक्रमों में वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, महिला बलकर्मियों और जवानों ने पूरे जोश के साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए।

J&K में अमरनाथ यात्रा सुरक्षा ड्यूटी में तैनात जवानों ने भी किया योग

सशस्त्र सीमा बल के समर्पण का एक अनूठा उदाहरण जम्मू-कश्मीर में भी देखने को मिला। 57वीं वाहिनी की जो कंपनियां इस समय श्री अमरनाथ जी यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हैं, उन बेहद संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों में मुस्तैद अधिकारियों और जवानों ने भी सुबह-सुबह देश की सुरक्षा के साथ-साथ अपनी सेहत के लिए योगाभ्यास किया और मानसिक शांति व शारीरिक सुदृढ़ता का संदेश दिया।

‘संदीक्षा’ के बैनर तले परिवारों और बच्चों ने दिखाई एकजुटता

बलकर्मियों के परिवारों की सामाजिक संस्था ‘संदीक्षा’ की अध्यक्षा श्रीमती प्रमोद कंवर के नेतृत्व में संदीक्षा सदस्यों और बच्चों ने भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बढ़-चढ़कर सहभागिता की। वाहिनी परिसर में आयोजित इस विशेष सत्र में बच्चों और महिलाओं को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

बनबसा स्टेडियम में CM पुष्कर सिंह धामी संग सामूहिक योग

चंपावत जिला प्रशासन द्वारा बनबसा स्टेडियम में आयोजित मुख्य सामूहिक योग सत्र में उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस मुख्य कार्यक्रम में 57 वीं वाहिनी एसएसबी के अधिकारियों व कार्मिकों ने स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और भारी संख्या में आए आम नागरिकों के साथ सामूहिक योग किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान के बाद विश्व शांति व स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम का समापन इस पावन संदेश के साथ हुआ कि “योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है।”


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi