वाराणसीः धर्मनगरी वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती मोटरसाइकिल अचानक आग का गोला बन गई। व्यस्त सड़क पर बाइक को आग की लपटों में घिरा देख राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
चलती बाइक बनी आग का गोला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार अपनी मंजिल की ओर जा रहा था कि तभी अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाइक रोकी और दूर कूद गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बची।
पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा
धुआं और लपटें देख इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात चेतगंज पुलिस के जवान तुरंत सक्रिय हुए। पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
शॉर्ट सर्किट हो सकता है कारण
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस ने यातायात को सुचारू कराया और जली हुई बाइक को सड़क से हटवाया। पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *