पीलीभीत। टनकपुर रोड स्थित बेन-हर गुरुकुल, ग्राम दियूनी केसरपुर में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के सफल संपादन हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया।

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर प्रथम बैच के प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस महत्वपूर्ण आयोजन के केंद्र में प्रथम चरण की जनगणना प्रक्रियाओं को तकनीकी और व्यवहारिक रूप से समझना है। जिलाधिकारी ने उपस्थित प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र के विकास की रूपरेखा तैयार करने का एक अत्यंत महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसमें डेटा की सटीकता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा जनगणना नोडल अधिकारी प्रसून द्विवेदी की देखरेख में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो मुख्य बैचों में विभाजित किया गया है, ताकि सभी फील्ड ट्रेनर्स को गहन और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त हो सके।
