पीलीभीत। शहर के एक स्थानीय होटल में ‘हॉकी पीलीभीत’ की एक महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष प्रदीप खींची की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में खेल की गरिमा बनाए रखने, संगठन के विस्तार और महिला खिलाड़ियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई ठोस निर्णय लिए गए। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु खिलाड़ियों में अनुशासन और संगठन में पूर्व खिलाड़ियों की सहभागिता रही ।
बैठक के दौरान संयोजक दीपक सरकार ने पिछले दिनों खिलाड़ियों के बीच हुई अनुशासनहीनता और मारपीट की घटना का मुद्दा उठाया। इस पर संरक्षक अनिल महेंद्रू ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि खेल में कौशल से भी ऊपर अनुशासन है। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक पांच सदस्यीय अनुशासन समिति कार्य करेगी। इस समिति के अध्यक्ष के रूप में अनिल महेंद्रू को नामित किया गया, जबकि महेश आजाद, सतीश शर्मा, दीपक सरकार और पंकज तिवारी को सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई।
संगठन की मजबूती के लिए नए सदस्य बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। संरक्षक डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री ने सुझाव दिया कि सदस्यता अभियान में उन पूर्व खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए जिन्होंने खेल को अपना जीवन दिया है। उन्होंने जोर दिया कि सदस्य ऐसे होने चाहिए जो हॉकी के प्रति निष्ठा रखते हों और संगठन को अपना अमूल्य समय दे सकें। बैठक में सदस्यता के लिए ₹1100 वार्षिक शुल्क निर्धारित किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने तत्काल जमा कर अपनी प्रतिबद्धता जताई।


​महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए संयोजक दीपक सरकार ने एक विशेष प्रतियोगिता कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे सहर्ष स्वीकार कर लिया गया। इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन और महिला विद्यालयों से समन्वय स्थापित करने के लिए पंकज तिवारी को संयोजक नामित किया गया है। वे शीघ्र ही विभिन्न शिक्षण संस्थानों से संपर्क कर महिला हॉकी टीम तैयार करने और प्रतियोगिता की रूपरेखा तय करने पर कार्य करेंगे।
बैठक का समापन अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। चूंकि अवसर होली और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का था, इसलिए सभी उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को बधाई दी। गुजिया, पापड़ और अन्य पारंपरिक पकवानों के साथ होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। अंत में सचिव जयप्रकाश बघेल ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर संरक्षक संजय अग्रवाल, डॉ. उपेंद्रनाथ मिश्रा, बाबू भारती, हरीश कुमार, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार मिश्रा, जगदीश सक्सेना, आयेंद्र गंगवार, वीरेंद्र पटेल, रत्ना शुक्ला, दिव्या पांडे और रीना दीक्षित सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।

9

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *