पीलीभीत। होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पीलीभीत पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री नताशा गोयल ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बॉर्डर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एएसपी नताशा गोयल ने थाना न्यूरिया पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम के साथ बॉर्डर पर सघन तलाशी अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की गहनता से जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों से किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अवांछनीय तत्वों के प्रवेश को रोकने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क है।
बॉर्डर पर निरीक्षण के उपरांत एएसपी ने थाना न्यूरिया क्षेत्र के मुख्य बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनसे होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। निरीक्षण के अंत में उन्होंने थानाध्यक्ष न्यूरिया को प्रभावी गश्त जारी रखने और किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)