​दियोरियाकला। जनपद के थाना दियोरियाकला क्षेत्र में दहेज की वेदी पर एक और विवाहिता को चढ़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने न केवल विवाहिता को शारीरिक और मानसिक यातनाएं दीं, बल्कि बेरहमी से मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। स्थानीय पुलिस द्वारा सुनवाई न होने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) की शरण ली, जिनके कड़े निर्देश के बाद अब पति, सास और ससुर समेत आधा दर्जन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
​शादी के दो साल बाद शुरू हुआ उत्पीड़न:
घटनाक्रम के अनुसार, ग्राम पकड़िया निवासी ठकुरी लाल ने अपनी पुत्री ज्योति की शादी 6 मार्च 2024 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ थाना माधौटांडा के ग्राम जमुनिया खास निवासी अंकित उर्फ रामप्रताप के साथ की थी। पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार पर्याप्त दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग इससे संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति अंकित, ससुर लालाराम, सास प्रेमा देवी, ननद चंद्रकली, नंदोई रामसिंह और मामा जोराव ने मिलकर ज्योति पर मायके से 3 लाख रुपये अतिरिक्त लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
​अमानवीय यातनाएं और जबरन गर्भपात:
पीड़िता ने अपनी तहरीर में रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप लगाए हैं। ज्योति का कहना है कि मांग पूरी न होने पर उसे न केवल प्रताड़ित किया गया, बल्कि उसका पति शराब पीकर उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाता था। विरोध करने पर मुंह में कपड़ा ठूंसकर और हाथ-पैर बांधकर उसका उत्पीड़न किया जाता था। हद तो तब हो गई जब हत्या की नीयत से उसे नशीला पदार्थ पिलाने की कोशिश की गई, जिसे उसकी छोटी ननद ने बचा लिया। आरोप है कि ससुरालियों ने ज्योति को जबरन नशीली दवा खिलाकर उसका दो माह का गर्भ भी गिरा दिया।

पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप से हुई कार्रवाई:

अक्टूबर 2025 में मारपीट कर घर से निकाले जाने के बाद पीड़िता अपने मायके पहुंची। दियोरिया पुलिस द्वारा मामले में टालमटोल करने पर पीड़िता ने पीलीभीत एसपी के समक्ष पेश होकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दियोरिया पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने अब संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *