पीलीभीत। ‘विश्व आर्द्रभूमि दिवस’ के अवसर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों की कड़ी में आज लायंस बाल विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। वन विभाग के सौजन्य से विद्यालय के 30 मेधावी विद्यार्थियों को पीलीभीत टाइगर रिजर्व भ्रमण कराया गया, जहाँ बच्चों ने वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवास को करीब से देखा।
इस शैक्षिक दल का नेतृत्व शिक्षिका प्रतिमा दास एवं कुसुम लता ने किया। भ्रमण के दौरान कक्षा 5 से 9 तक के छात्र-छात्राओं, जिनमें प्रमुख रूप से वंश राठौर, मान्या, अंजली वर्मा, प्रगति मेहता, आराधना, अथर्व चतुर्वेदी, श्रेया दीक्षित, साक्षी गंगवार, सृष्टि सिंह और माधव शामिल थे, ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। वन विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को आर्द्रभूमि (वेटलैंड्स) के संरक्षण और पारिस्थितिकी तंत्र में वन्यजीवों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
भ्रमण के दौरान उन छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित और पुरस्कृत भी किया गया जिन्होंने पूर्व में आयोजित चित्रकला, स्लोगन, निबंध एवं कहानी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया था। बच्चों के इस व्यावहारिक अनुभव पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. शर्मा ने वन विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और गौरव की भावना जाग्रत करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)