​पीलीभीत। पुलिस प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) विक्रम दहिया ने थाना जहानाबाद का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को अनुशासन व जनसुनवाई के प्रति गंभीर रहने के कड़े निर्देश दिए।


​निरीक्षण के दौरान एएसपी ने कार्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेखों, अपराध रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर और शस्त्रागार का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने साइबर हेल्प डेस्क और महिला डेस्क पर आने वाली शिकायतों की स्थिति जानी और निर्देश दिए कि आईजीआरएस (IGRS) व सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मालखाना और हवालात का निरीक्षण करते हुए लावारिस वाहनों व लंबित माल-मुकदमों के शीघ्र विधिक निस्तारण की प्रक्रिया तेज करने को कहा।
​अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में साफ-सफाई और मेस की व्यवस्थाओं को भी परखा। आगामी त्योहारों को देखते हुए उन्होंने थाने के पुलिस बल के साथ बैठक कर उन्हें ब्रीफ किया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहना होगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *