सितारगंज। सितारगंज में मंगलवार सुबह आम के बाग में एक 28 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। पुलिस के अनुसार, युवक की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सिडकुल रोड पर ईदगाह के सामने स्थित सोसाइटी बाग में मंगलवार सुबह पेड़ से शव लटका दिखाई दिया। मृतक की पहचान वार्ड नंबर दो निवासी फहीम (28) के रूप में हुई। सूचना मिलने पर उसके भाई वसीम और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। वसीम ने अपने छोटे भाई नदीम और समीर की मदद से शव को नीचे उतारा।
वसीम के अनुसार, फहीम मंगलवार सुबह करीब पांच बजे घर से निकला था। सुबह लगभग आठ बजे उनके ताऊ हसन अली ने फोन कर बाग में फहीम का शव पेड़ से लटका होने की जानकारी दी। इसके बाद वह अपने भाइयों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां लोगों की भीड़ जमा थी।
परिजनों ने बताया कि फहीम नशे का आदी था। वह कभी राजमिस्त्री का काम करता था तो कभी ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवनयापन करता था। हालांकि, उसकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा गया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।