पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से ठीक पहले हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा को उनके घर पर नजरबंद किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा रात से ही हाउस अरेस्ट किए जाने पर उन्होंने अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया है। सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पीड़ा साझा करते हुए उन्होंने प्रशासन पर तंज कसा कि सपा शासनकाल में भी उन्होंने संघर्ष किए और मुकदमे झेले, लेकिन अपनी ही सरकार में इस तरह अपमानित होना पड़ रहा है।
पं. पंकज शर्मा ने तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि वे हमेशा से भाजपा को मजबूत करने के लिए दिन-रात मेहनत करते आए हैं, लेकिन आज जनहित के मुद्दों और पीलीभीत की प्रमुख समस्याओं को उठाने की कोशिश करने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि प्रशासन को इस बात का डर था कि वे मुख्यमंत्री के सामने जनता की वास्तविक समस्याएं न रख दें, जिसके* चलते उन्हें जबरन नजरबंद किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें सत्ता का कोई सुख या पद नहीं चाहिए, बल्कि जनता के हक और सम्मान के लिए आवाज उठाने का अधिकार चाहिए। अंत में उन्होंने दो टूक कहा कि वे किसी पार्टी के विरोध में नहीं, बल्कि अन्याय और गलत व्यवस्था के खिलाफ हैं और जनता के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रखेंगे।