सितारगंज। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई अत्यधिक बारिश के चलते ग्राम नकाहा और नया गांव, बैगुल डैम के पीछे के क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। ग्राम नकाहा में करीब 3 से 4 फीट तक पानी भर जाने से 6-7 परिवार बाढ़ जैसी स्थिति में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और छोटे बच्चों समेत सभी प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जलभराव की सूचना पर कोतवाली सितारगंज से उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर कई घरों के चारों तरफ 3-4 फीट तक पानी भरा हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी।
मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम को मौके पर भेजा गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सितारगंज सुंदरम शर्मा ने रेस्क्यू अभियान का लगातार नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन किया। डीसीआरबी ऊधमसिंहनगर को सूचना देने के साथ ही फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
प्रभावित परिवारों में छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद थे। पानी अधिक होने के कारण परिजन बच्चों की सुरक्षा को लेकर घरों से बाहर निकलने में संकोच कर रहे थे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने का भरोसा दिलाया और उनका हौसला बढ़ाया। इसके बाद बोट के माध्यम से सभी प्रभावित परिवारों और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
रेस्क्यू अभियान के बाद सभी ग्रामीण अपने आसपास रहने वाले रिश्तेदारों के यहां सुरक्षित चले गए। ग्रामीणों ने समय पर पहुंचकर मदद करने के लिए पुलिस और प्रशासन का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार संयुक्त रेस्क्यू अभियान में कुल लगभग 10-12 अन्य ग्रामीणों और बच्चों सहित प्रभावित परिवारों के सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया। अभियान में पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ टीम ने आपसी समन्वय और तत्परता के साथ कार्रवाई की।
रेस्क्यू किए गए ग्रामीणों में कुलदीप सिंह, संदीप कौर, हरप्रीत, लवजीत, गुरदेव सिंह, सिमरन कौर, किरण, अवन, अमरीत, मनजीत, हुम्मन सिंह, जोगिंदर सिंह, बलवंत कौर, सुमित्रा कौर, बलमन, बंटी, रिंकू, मंगल सिंह, सुखविंदर कौर, मनप्रीत, करमजीत, मनदीप, जसप्रीत, राजेंदर, फुम्मन सिंह, राजेंदर, रेशम, विधो, बलविंदर, सीमा, हरजिंदर सहित अन्य ग्रामीण और बच्चे शामिल रहे।
प्रशासन और पुलिस की ओर से क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पर निगरानी बनाए रखी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।