पीलीभीत। 49वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल , पीलीभीत के कमांडेंट शेर सिंह चौधरी के निर्देशन में बाढ़ और जल आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रैपिड रिस्पांस टीम द्वारा शारदा नदी पर एक विशेष जल आपदा रेस्क्यू ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास के दौरान रैपिड रिस्पांस टीम के जवानों ने मोटर बोट के माध्यम से गहरे जल क्षेत्र में फंसे व्यक्तियों की खोज, सुरक्षित निकासी, मोटर बोट संचालन और प्राथमिक बचाव तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी शारीरिक दक्षता, त्वरित प्रतिक्रिया, साहस और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय दिया।

इस आपदा प्रबंधन अभ्यास की मुख्य विशेषता उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों की सक्रिय सहभागिता रही। एसएसबी और उप्र पुलिस के बीच आयोजित इस संयुक्त अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय और त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित करना था। 49वीं वाहिनी की टीम ने इस सफल ड्रिल के माध्यम से यह संदेश दिया कि वे बाढ़ या किसी भी अन्य जल आपदा की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित बचाव कार्यों के लिए सदैव पूरी तरह तैयार हैं।