​पीलीभीत। लिटिल एंजिल्स स्कूल के प्रथम एनसीसी बैच ने अपनी पहली ही कम्बाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘ओवरऑल बेस्ट स्कूल/कॉलेज’ का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है।
यह दस दिवसीय शिविर 15 से 24 जून 2026 तक 25 यूपी बटालियन एनसीसी, शाहजहाँपुर द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय, शाहजहाँपुर में आयोजित किया गया था, जिसमें लगभग 30 विद्यालयों के कैडेटों ने हिस्सा लिया।
​विद्यालय के 39 कैडेटों (22 जूनियर डिवीजन एवं 17 जूनियर विंग) ने सीटीओ मोनिका बिष्ट के नेतृत्व में इस शिविर में सहभागिता की। दस दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेटों ने प्रातःकालीन पीटी, ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, फायरिंग, सिद्धांत कक्षाओं, योग, ट्रैफिक एवं फायर सेफ्टी प्रशिक्षण, वाद-विवाद, भाषण, चित्रकला, पोस्टर निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और राष्ट्रसेवा के भाव को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर मिला।
​पुरस्कार वितरण समारोह में लिटिल एंजिल्स स्कूल ने टीम एवं व्यक्तिगत दोनों वर्गों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। विद्यालय की टीम ने बालक एवं बालिका दोनों वर्गों की रस्साकशी प्रतियोगिता में प्रथम, समूहगान में द्वितीय तथा समूह नृत्य में तृतीय स्थान प्राप्त किया। व्यक्तिगत स्तर पर भी छात्रों का दबदबा रहा। अभिनव यादव व पावनी अग्रवाल (वाद-विवाद), आदित्य विजय व हाशिनी ए. (भाषण) तथा देवांशी कपूर ने (लाइन लेआउट) में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा पावनी अग्रवाल (भाषण), सजल राजपूत एवं तुष्टि (चित्रकला) ने द्वितीय तथा आराध्या राठौर ने चित्रकला में तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, देवांशी कपूर एवं नबीहा मसूद खान ने सांस्कृतिक संध्या का सफल मंच संचालन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
​शिविर का सबसे गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब देवांशी कपूर को ‘बेस्ट कैडेट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शानदार सामूहिक प्रदर्शन के दम पर लिटिल एंजिल्स स्कूल को ‘ओवरऑल बेस्ट स्कूल/कॉलेज’ की प्रतिष्ठित ट्रॉफी प्रदान की गई। विद्यालय के प्रथम एनसीसी बैच की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधक डॉ. संजीव अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक उज्जवल अग्रवाल, प्रधानाचार्य नवीन चंद्र पाठक, उप प्रधानाचार्या अंजू सक्सेना और हेडमिस्ट्रेस नीना मेहरोत्रा ने सभी कैडेटों, उनके अभिभावकों तथा सीटीओ मोनिका बिष्ट को बधाई दी। प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता विद्यालय में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की संस्कृति को और मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi