रुद्रपुर। देशभर में 2 जुलाई से शुरू हुई वीबी-जी रामजी (विकसित भारत-जी रामजी) योजना की शुरुआत ऊधमसिंहनगर जिले में भी कर दी गई। रुद्रपुर के विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर योजना का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह महत्वाकांक्षी योजना ग्रामीण क्षेत्र के मजदूरों और श्रमिकों के उत्थान के लिए एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब 100 दिन की जगह 125 दिन की रोजगार गारंटी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि मजदूरी का भुगतान कार्य पूरा होने के 15 दिन के भीतर और सीधे श्रमिकों के बैंक खाते में किया जाएगा। औसत दैनिक मजदूरी को बढ़ाकर 327.40 रुपये कर दिया गया है। साथ ही स्थानीय स्तर पर ग्राम पंचायतों को यह अधिकार दिया गया है कि कौन सा कार्य कराया जाएगा, इसका निर्णय अब वहीं लिया जाएगा।

विधायक ने बताया कि योजना के लिए केंद्र सरकार ने 95,600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जबकि शेष 55,682 करोड़ रुपये राज्य सरकारें वहन करेंगी।

शिव अरोरा ने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना श्रमिकों के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, जिला विकास अधिकारी, बीडीओ गदरपुर सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi