रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि राज्य सरकार की “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” भावना के तहत 4 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक “सेवा सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जनपद में विभिन्न विकासपरक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा सप्ताह का उद्देश्य राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रमों के तहत 4 जुलाई को रुद्रपुर के सिटी क्लब में रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास विषय पर जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

5 जुलाई को मनोज सरकार स्टेडियम में मैराथन और खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि जसपुर में नई पहलों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

6 जुलाई को गदरपुर में आधारभूत संरचना, रेल, सड़क, उड़ान सेवाओं और बड़ी परियोजनाओं पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे। 7 जुलाई को काशीपुर में उद्योग और एमएसएमई से जुड़े कार्यक्रम तथा सितारगंज में कृषि, उद्यान और पशुपालन पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

8 जुलाई को बाजपुर में महिला, युवा और सैनिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम होंगे, जबकि 10 जुलाई को खटीमा में स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित शिविर लगाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि सभी कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होंगे। सेवा सप्ताह के दौरान शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण, बैंकिंग सहायता, स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी, शिकायतों का निस्तारण और विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही मौके पर ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा और विशेष लोक अदालत के माध्यम से राजस्व मामलों का निस्तारण भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi