रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर सिख समुदाय के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर सिख समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक पर ‘आशीष नेगी यूकेडी’ नाम से संचालित अकाउंट के माध्यम से धार्मिक भावनाएं आहत करने और समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री साझा की जा रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी को दी गई तहरीर में प्रीतपाल सिंह और जोगिंदर सिंह ने बताया कि चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में हाल ही में हुए विवाद के बाद संबंधित अकाउंट से लगातार सिख समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो और टिप्पणियां पोस्ट की जा रही हैं।
आरोप है कि इन पोस्टों में मामले को ‘सिख बनाम हिंदू’ और ‘सिख बनाम पहाड़ी’ के रूप में प्रस्तुत कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही समुदाय को ‘खालिस्तानी’ कहकर संबोधित करने और 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का उल्लेख कर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
सिख समाज के पदाधिकारियों ने संबंधित वीडियो और सामग्री को पेनड्राइव में सुरक्षित कर पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपा है।
तहरीर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।