पीलीभीत। लखनऊ स्थित बाबू बनारसी दास बैडमिंटन स्टेडियम में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन की वार्षिक सामान्य बैठक (एजीएम) का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश शासन के पूर्व सचिव नवनीत सहगल एवं एसोसिएशन के चेयरमैन विराज सागर दास की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक में पीलीभीत जनपद का प्रतिनिधित्व जिला बैडमिंटन संघ के जिलाध्यक्ष अनिल महेंद्रू एवं वरिष्ठ सदस्य मनोज गंगवार ने किया। बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के खेल प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राज्य में बैडमिंटन की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान पीलीभीत जनपद द्वारा विगत वर्ष आयोजित कराई गई प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता की मुक्त कंठ से सराहना की गई और स्थानीय पदाधिकारियों का जोरदार उत्साहवर्धन किया गया। एसोसिएशन के शीर्ष नेतृत्व ने पीलीभीत कार्यकारणी की पीठ थपथपाते हुए कहा कि पीलीभीत जैसे भौगोलिक रूप से छोटे जनपद की खेल विधा से जुड़ी टीम जिस समर्पण और कुशलता के साथ प्रदेश स्तर के बड़े व सफल आयोजन कर रही है, वह वास्तव में अनुकरणीय है। खेल जगत और युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने में पीलीभीत संघ का यह योगदान अत्यंत अतुलनीय और प्रेरणादायी है।
जनपद पीलीभीत की इसी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और खेल के प्रति अद्भुत सहभागिता को देखते हुए उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन ने पीलीभीत को एक और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। आगामी 14 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली एक और प्रतिष्ठित प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता की मेजबानी का जिम्मा आधिकारिक तौर पर जनपद पीलीभीत को सौंप दिया गया है। प्रांतीय नेतृत्व से मिली इस बड़ी जिम्मेदारी और सम्मान पर पीलीभीत के खेल प्रेमियों तथा स्थानीय खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए जिला बैडमिंटन संघ को बधाई दी है।