नीस (फ्रांस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो देशों की यात्रा के पहले चरण में शुक्रवार रात फ्रांस के शहर नीस पहुंचे। उनकी इस यात्रा को भारत-फ्रांस संबंधों और वैश्विक सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फ्रांस पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया। होटल नेग्रेस्को में प्रवासी भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
स्वागत समारोह में फ्रांस और इटली के कलाकारों ने कथक, ओडिसी और भरतनाट्यम जैसी भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसने भारत और फ्रांस के मजबूत सांस्कृतिक संबंधों की झलक पेश की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर प्रवासी भारतीयों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह और स्वागत अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि भारत से दूर रहने के बावजूद प्रवासी भारतीयों का अपनी मातृभूमि से जुड़ाव प्रेरणादायक है।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे तथा भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श करेंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति मैक्रों संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। शिक्षा मंत्रालय की यह पहल भारतीय स्टार्टअप्स और नवाचार तंत्र को वैश्विक निवेशकों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच मानी जा रही है।
फ्रांस दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया जाएंगे, जहां वह शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय वार्ता कर भारत-स्लोवाकिया संबंधों को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे।