पीलीभीत। जनपद के विभिन्न विकास क्षेत्रों से आए सैकड़ों शिक्षक और शिक्षिकाओं ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह धरना मुख्य रूप से 1 सितंबर 2025 से माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार पुराने शिक्षकों पर भी टीईटी (TET) की अनिवार्यता थोपे जाने के विरोध में आयोजित किया गया। धरने पर बैठे शिक्षकों ने सरकार और विभाग के इस कदम को उनके सम्मान के विरुद्ध बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। शिक्षकों का स्पष्ट तर्क है कि जो शिक्षक 15 से 20 वर्षों से निरंतर सेवा दे रहे हैं, उन पर उस परीक्षा को थोपना कहीं से भी न्यायसंगत नहीं है जिसका अस्तित्व ही वर्ष 2011 में आया है।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि वे आज खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि 2011 से पहले नियुक्त सभी शिक्षक उस समय की निर्धारित समस्त अर्हताओं और कठिन चयन प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही सेवा में आए थे। ऐसे में इतने वर्षों के अनुभव के बाद उनकी योग्यता पर प्रश्नचिह्न लगाना अनुचित है। शिक्षक नेताओं ने मांग की कि सरकार को इस विषय की संवेदनशीलता को समझते हुए संसद में विशेष कानून बनाना चाहिए, ताकि 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को इस परीक्षा से स्थायी रूप से मुक्ति मिल सके। उन्होंने दो टूक कहा कि शिक्षक समाज अपनी योग्यता और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगा।

धरने को संबोधित करते हुए दयाशंकर गंगवार ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान सर्वोपरि है और इसके लिए वे अंतिम दम तक संघर्ष करेंगे। लाल करन ने भावुक होते हुए कहा कि जो शिक्षक समाज को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाता है, आज उसी की योग्यता को कठघरे में खड़ा किया जा रहा है। अनीता तिवारी और मोहम्मद अकरम ने भी एक स्वर में सरकार से इस ‘अनुचित’ आदेश को वापस लेने की अपील की। कार्यक्रम का सफल संचालन चन्द्र शेखर गंगवार द्वारा किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में विमल कुमार, नंद किशोर गंगवार, मियां मनाज़िर, अंकित भारती, निरंजना शर्मा, देवेंद्र कन्हैया, सतेंद्र गंगवार, भद्र पाल गंगवार, निधि निगम, रश्मि तिवारी, नीरज पाल सिंह, जितेंद्र कुमार, मुकेश अवस्थी, मोईन अहमद, रोहित कुमार, पुष्पेंद्र कुमार गंगवार, मीना, अर्चना राणा, मुनींद्र पाल सिंह, डॉली यादव, राजेश मिश्रा और हेमराज भारती सहित भारी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)