सितारगंज (ऊधमसिंह नगर)। शहर में पिछले कुछ दिनों से घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर मचे हाहाकार के बीच प्रशासन और खाद्य विभाग ने बड़ी राहत दी है। उपभोक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए अब जिले की सभी पाँचों गैस एजेंसियों को होम डिलीवरी व्यवस्था के जरिए ही गैस वितरण के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को इस नई व्यवस्था के तहत पहले ही दिन नगरीय क्षेत्र के 818 उपभोक्ताओं के घर तक सिलेंडर पहुंचाए गए।
प्रशासन की पैनी नजर, ईओ बने नोडल अधिकारी:
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी डी.एस. धामी ने जानकारी दी कि व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए उपजिलाधिकारी (SDM) ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। सोमवार को गैस वितरण के दौरान नगर पालिका की टीमें भी साथ मौजूद रहीं ताकि कालाबाजारी या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके।
मंगलवार से पहले जैसी होगी सुचारु व्यवस्था:
खाद्य विभाग के अनुसार, मंगलवार से ऑनलाइन बुकिंग करने वाले सभी उपभोक्ताओं को उनके निर्धारित समय और व्यवस्था के अनुसार घर बैठे सिलेंडर प्राप्त होंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी एजेंसियों के पास गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
एजेंसियों पर भीड़ न लगाने की अपील:
खाद्य अधिकारी ने उपभोक्ताओं से पुरजोर अपील की है कि वे गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगाकर भीड़ न बढ़ाएं। प्रशासन ने साफ़ कर दिया है कि अब किसी को भी एजेंसी के गेट पर सिलेंडर नहीं दिया जाएगा, बल्कि सभी की आपूर्ति उनके पंजीकृत पते पर ही की जाएगी। सोमवार को भी भारी संख्या में लोग सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतर आए थे, जिन्हें समझा-बुझाकर वापस भेजा गया और व्यवस्था में सहयोग की अपील की गई।
