पीलीभीत। अलीगंज स्थित प्रसिद्ध श्रीबालाजी धाम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी होली महोत्सव का आयोजन पूरी भव्यता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ किया गया। महंत दीपक शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में दोपहर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जिससे पूरा मंदिर परिसर अबीर-गुलाल और ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। देर रात तक चले इस उत्सव में भक्ति, रंग और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण पारंपरिक तरीके से खेली गई फूलों की होली रही, जिसने वातावरण को दिव्यता से भर दिया। श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के चरणों में गुलाल अर्पित कर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान आयोजित भजन-कीर्तन में भक्त भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महंत दीपक शर्मा ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में अशोक चौहान, संतोष चौहान, मनीष, आकाश, धर्मवीर, डॉ. शिव कुमार, दीनदयाल, गौरव और संजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में सेवादारों और भक्तों ने अपना योगदान दिया। आयोजन में महिलाओं और बच्चों की भी भारी उपस्थिति रही, जिससे श्रीबालाजी धाम एक बार फिर जिले में आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरकर सामने आया।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)