पीलीभीत। जनपद में शिक्षा के प्रति जन-समुदाय को जागरूक करने के लिए समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु ‘प्रचार वाहनों’ को रवाना किया गया। मंगलवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर से भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह और बीएसए रोशनी सिंह ने संयुक्त रूप से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार शिक्षा समेत सभी विभागों में व्यापक स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिसका सीधा लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

​योजनाओं की दी जा रही जानकारी

इन प्रचार वाहनों को विशेष रूप से निपुण भारत मिशन, बाल वाटिका, डिजिटल शिक्षा, और डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता-मोजा वितरण जैसी योजनाओं की फ्लेक्सी से सजाया गया है। इसके अतिरिक्त ऑपरेशन कायाकल्प, बालिका शिक्षा, दीक्षा पोर्टल और स्कूलों में मिलने वाली निःशुल्क सुविधाओं जैसे मिड-डे मील व पाठ्य पुस्तकों के प्रति भी समाज में जागरूकता पैदा की जा रही है। जिले में पांच विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं, जो पीलीभीत शहर सहित अमरिया, ललौरीखेड़ा, पूरनपुर, बरखेड़ा और बीसलपुर के क्षेत्रों को कवर करेंगे।

​शिक्षिकाओं और बच्चों ने किया संवाद

अभियान की अनूठी विशेषता यह रही कि प्रत्येक प्रचार वाहन में दस बच्चों के साथ दो शिक्षिकाएं भी तैनात की गई हैं। ये टीमें निर्धारित रूट पर पड़ने वाले प्रमुख चौराहों पर रुककर जन-समुदाय के साथ सीधा संवाद कर रही हैं। आरटीई (RTE) एंथम और प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के महत्व से जोड़ा जा रहा है।

​इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी (मरौरी) सुनील कुमार सिंह, जिला समन्वयक मनीष श्रीवास्तव (बालिका शिक्षा), राकेश पटेल (समेकित शिक्षा), जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार सहित समस्त कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi