रुद्रपुर। लालपुर में हुए विक्रांत बागी हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपियों को रुद्रपुर पुलिस ने ब्लॉक रोड पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिप्पी सागर उर्फ राजीव सागर और अंकित सागर उर्फ गट्टी मोटरसाइकिल से उत्तर प्रदेश की ओर फरार होने वाले हैं। सूचना पर बाजार चौकी और रम्पुरा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने ब्लॉक रोड पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

तलाशी के दौरान सिप्पी सागर के कब्जे से एक अवैध .315 बोर देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस, जबकि अंकित सागर के पास से एक अवैध .315 बोर देशी तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे पहले भी हत्या के प्रयास सहित कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं और विक्रांत बागी हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश भाग रहे थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सोशल मीडिया पर आपराधिक गतिविधियों से जुड़े वीडियो भी पोस्ट करते थे और क्षेत्र के युवकों से उनका अक्सर विवाद रहता था। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है तथा मामले में सामने आए अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi