रुद्रपुर। उत्तराखंड की राजनीति में अक्सर वार-पलटवार के केंद्र में रहने वाले रुद्रपुर महानगर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने न केवल राजनीतिक गलियारों बल्कि आम जनता को भी अचंभित कर दिया। बरसों से एक-दूसरे के कट्टर राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले वर्तमान भाजपा विधायक शिव अरोड़ा और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल न केवल एक मंच पर साथ दिखे, बल्कि सार्वजनिक रूप से गले मिलकर और ठहाके लगाकर पुरानी कड़वाहट को धो डाला।

भक्ति के माहौल में पिघली सियासत की बर्फ
यह अद्भुत नजारा आदर्श कॉलोनी स्थित वैष्णो देवी शक्तिपीठ आश्रम में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान देखने को मिला। कथा व्यास नारायण चैतन्य ब्रह्मचारी के सानिध्य में विधायक शिव अरोड़ा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और महापौर विकास शर्मा आशीर्वाद लेने मंच पर पहुंचे थे। भक्तिमय वातावरण के बीच अचानक वह क्षण आया जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी।

कथा व्यास की प्रेरणा और एकता का संदेश
मंच पर तीनों जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कथा व्यास ने कहा कि समाज में प्रभावशाली व्यक्तियों का आचरण ही आम जनता के लिए प्रेरणा बनता है। उन्होंने मार्मिक संदेश देते हुए कहा, “राजनीतिक दल आते-जाते रहेंगे और सरकारें बदलती रहेंगी, लेकिन आपसी सम्मान और सकारात्मक व्यवहार हमेशा बना रहना चाहिए।” इसी दौरान उन्होंने शिव अरोड़ा और राजकुमार ठुकराल को एक-दूसरे के गले मिलने का आग्रह किया।

भावुक क्षण और जनता का उत्साह
जैसे ही दोनों नेता मुस्कुराते हुए एक-दूसरे के गले मिले, वहां मौजूद महापौर विकास शर्मा और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने खड़े होकर तालियों के साथ इस ‘महामिलन’ का स्वागत किया। इस दृश्य ने पूरे वातावरण को भावुक और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

क्या हैं इसके राजनीतिक मायने?
इस घटनाक्रम के बाद पूरे शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। जहाँ कुछ लोग इसे पवित्र भागवत कथा का ‘ईश्वरीय चमत्कार’ मान रहे हैं, वहीं राजनीतिक विश्लेषक इसे भविष्य की नई संभावनाओं के संकेत के रूप में देख रहे हैं।

अब देखना यह होगा कि कथा व्यास नारायण चैतन्य ब्रह्मचारी जी के सानिध्य में हुआ यह महामिलन स्थाई रहता है या फिर राजनीतिक मंचों पर होगा फिर तार तार!!


(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *