रुद्रपुर। सनातन संस्कृति और नवचेतना का प्रतीक हिंदू नववर्ष संवत 2083 और चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व के शुभारंभ के साथ ही पूरी देवभूमि भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर हो गई है। बृहस्पतिवार को प्रथम नवरात्रि के अवसर पर महानगर के लक्ष्मीनारायण पांच मंदिर सहित समस्त शिवालयों और शक्तिपीठों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने कतारबद्ध होकर मां के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विशेष पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
जिला बार एसोसिएशन में दीप प्रज्ज्वलन के साथ उत्सव
हिंदू नववर्ष के स्वागत में जिला बार एसोसिएशन ऊधमसिंह नगर द्वारा सभागार में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला अध्यक्ष संजीव फोगाट, बार काउंसिल की नवनिर्वाचित सदस्य सुशीला मेहता और प्रख्यात ज्योतिषाचार्य एडवोकेट लीलाम्बर जोशी ने मां भगवती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान वक्ताओं ने हिंदू नववर्ष के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी अधिवक्ताओं और क्षेत्रवासियों को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा दी और पर्व की शुभकामनाएं दीं।
महाराजा अग्रसेन चौक पर वितरित हुआ प्रसाद
धार्मिक उल्लास के बीच सामाजिक सहभागिता भी देखने को मिली। एडवोकेट प्रमोद मित्तल और मनीष मित्तल के सौजन्य से महाराजा अग्रसेन चौक पर विशाल ‘प्रसाद सेवा’ का आयोजन किया गया। यहाँ राहगीरों और श्रद्धालुओं को भक्तिभाव के साथ प्रसाद वितरित किया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आया।
मंदिरों में रही सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था
नवरात्रि के पहले दिन उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर रहा। प्रमुख मंदिरों के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें। घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर केसरिया ध्वज फहराकर लोगों ने नव संवत्सर का स्वागत किया।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)