रामनगर। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चीब सहित अन्य कार्यकर्ताओं की दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में आज यहां युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्य चौराहे पर एकत्रित कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना रोष जताया।
जिला अध्यक्ष सुमित लोहनी के नेतृत्व में आयोजित इस धरने में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्षी आवाजों को दबाने के लिए तानाशाही रवैया अपना रही है और दिल्ली पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। लोहनी ने कहा, उदय भानु चीब और अन्य साथियों को बिना ठोस आधार के जेल भेजना लोकतंत्र की हत्या है। सरकार युवाओं और विपक्ष के संघर्ष से डर गई है। यह सच्चाई की आवाज दबाने की नाकाम कोशिश है।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि राष्ट्रीय अध्यक्ष को तुरंत रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन देशव्यापी रूप लेगा और जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा। प्रदर्शन में नैनीताल जिला अध्यक्ष सुमित लोहनी, विकास कुमार आर्य, अमित कुमार, अमित पाल सिंह रावत, सचिन कुमार आर्य, सोनू तिवारी, नितिन शाह, दीपक रावत, दीपक राणा, अनस, शिवन बिष्ट सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।