पीलीभीत। जनपद के नवीन मण्डी समिति परिसर में बुधवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ के अंतर्गत एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में विधानसभा बरखेड़ा क्षेत्र के पंजीकृत 626 जोड़ों के सापेक्ष कुल 587 नव युगलों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ। इस पुनीत अवसर पर मुख्य अतिथि बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद और जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और नव विवाहित जोड़ों को अपना आशीर्वाद दिया।


​विवाह समारोह की विस्तृत जानकारी देते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी चंद्रमोहन विश्नोई ने बताया कि आज संपन्न हुए विवाहों में 37 अल्पसंख्यक जोड़े भी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा वर-वधू को शासन की ओर से निर्धारित आवश्यक उपहार सामग्री भेंट की गई।

विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने नव युगलों को उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की शुभकामना देते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ-साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
​जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार में 70 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक बुजुर्ग का आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इस भव्य आयोजन के दौरान जिला विकास अधिकारी संजय कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *