पीलीभीत। भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश, पीलीभीत की जिला कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट सह जिला मुख्यायुक्त विजय वर्धन तोमर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ औपचारिक प्रार्थना सभा के साथ किया गया। इस बैठक के दौरान कार्यकारिणी द्वारा नवनियुक्त जिला सचिव अनुपम शर्मा और जिला कोषाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार रवि की नियुक्ति का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया, जिसके पश्चात सदन में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद जिला संगठन आयुक्त (गाइड) शालिनी पांडे ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों से सदन को अवगत कराया, जबकि जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अभिषेक पांडे ने सत्र 2026-27 के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक के दौरान जिला प्रशिक्षण आयुक्त सचिन सक्सेना ने संस्था के आय-व्यय का विस्तृत विवरण सदन के सामने रखा।
बैठक में बुनियादी सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। जिला संगठन आयुक्त (गाइड) शालिनी पांडे ने स्काउट भवन के जीर्णोद्धार, गेट के बाहर स्वच्छता बनाए रखने और परिसर में शुद्ध पेयजल की समस्या से मुख्यायुक्त को अवगत कराया। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट/मुख्यायुक्त विजय वर्धन तोमर ने इन समस्याओं को जल्द से जल्द पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। वहीं, जिला रोवर आयुक्त डॉ. दुष्यंत कुमार ने वार्षिक शिविरों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए बताया कि समस्त विद्यालयों में शिविर संपन्न करा दिए गए हैं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित सभी गैर-सरकारी विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को अनिवार्य रूप से संचालित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) ने समस्त विद्यालयों के यूनिट लीडर्स के लिए ‘बिगनर्स कोर्स’ और ‘बेसिक कोर्स’ का प्रशिक्षण आयोजित करने का प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा।
स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार पर चर्चा करते हुए जिला आयुक्त (बुलबुल) पूजा छाबड़ा ने सुझाव दिया कि समस्त सी.बी.एस.ई. विद्यालयों की एक बैठक बुलाकर अक्टूबर से दिसंबर माह के बीच वार्षिक शिविर संपन्न कराने की योजना बनाई जाए। इसके साथ ही, जनपद के समस्त प्रधानाचार्यों की कार्यशाला और जिला रैली के सफल आयोजन के लिए जल्द ही मुख्यायुक्त की अध्यक्षता में एक और विशेष बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी। बैठक में उपस्थित बरेली मंडल की सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त सुश्री प्रीति कुमारी ने प्रादेशिक लक्ष्यों पर प्रकाश डाला और राष्ट्रीय व प्रादेशिक स्तर के कार्यक्रमों में जनपद पीलीभीत की सक्रिय प्रतिभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। संस्था की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए जिला कोषाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार ने आजीवन सदस्यता अभियान चलाने और कार्यकारिणी के समस्त सदस्यों को अनिवार्य रूप से आजीवन सदस्य बनाने का प्रस्ताव रखा, जबकि जिला सचिव अनुपम शर्मा ने सभी विद्यालयों में यूनिटों का गठन कर उन्हें सुचारू रूप से संचालित करने की बात कही।
बैठक के समापन सत्र में जिला मुख्यायुक्त/सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि समस्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों को सेवा भाव के साथ स्काउट-गाइड गतिविधियों से जोड़ा जाना चाहिए ताकि वे समाज निर्माण में योगदान दे सकें। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अभिषेक पांडे द्वारा किया गया और अंत में जिला सचिव अनुपम शर्मा ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला वयस्क संसाधन आयुक्त डॉ. महेश बाबू, जिला रेंजर लीडर दरख्शा अजहर, जिला आयुक्त (गाइड) सुमन देवी, सहायक आयुक्त (गाइड) अजय चौहान, सह सचिव हितेश शुक्ला, जिला स्काउट मास्टर (बेसिक) वीर सिंह गंगवार, जिला गाइड कैप्टन (बेसिक) डॉ. परिणीता सिन्हा, ब्लॉक स्काउट मास्टर अजय पाल शर्मा, नरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, अवंति गंगवार, युवा लीडर तानिया राना तथा साधारण सदस्य अंशुमन तिवारी, शिवम कश्यप, नीता मेहरा और रचित मौर्य सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।