पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले आज दर्जनों किसानों ने तहसील सदर में व्याप्त भ्रष्टाचार, लेखपालों की मनमानी और किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में तहसील प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। किसानों का मुख्य आरोप है कि तहसील के कुछ लेखपाल और राजस्व कर्मी भू-माफियाओं से मिलकर किसानों का उत्पीड़न कर रहे हैं।
​ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख मुद्दों में ग्राम पकड़ियां नौगवां का मामला छाया रहा, जहाँ किसानों ने लेखपाल पुनीत यादव पर दाखिल-खारिज और पट्टों के कब्जे दिलाने में अवैध वसूली और पक्षपात करने का आरोप लगाया। यूनियन ने मांग की है कि लेखपाल और उनके सहयोगियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्यवाही कर उनका स्थानांतरण किया जाए। इसी प्रकार, उमरा खानसिंह के किसान राजवीर शर्मा की जमीन की पैमाइश का आदेश होने के बावजूद कानूनगो और लेखपाल द्वारा पैमाइश न करने पर रोष व्यक्त किया गया। किसानों ने मांग की है कि पुलिस बल की मौजूदगी में तत्काल पैमाइश कराई जाए और दोषी कर्मियों को निलंबित किया जाए।
​इसके अतिरिक्त, भाकियू ने तहसील क्षेत्र में आवारा पशुओं द्वारा फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। संगठन ने मांग की कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में अस्थायी गौशालाएं बनवाई जाएं और आवारा पशुओं को वहां भिजवाया जाए। ज्ञापन में तहसील परिसर में पीने के पानी (हैंडपंप) की बदहाली, बंद पड़े शौचालयों और तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित मुकदमों के निस्तारण की भी मांग की गई। जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा और जिला महामंत्री नेम चंद वर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि विरासत और दाखिल-खारिज के नाम पर लेखपालों द्वारा की जा रही अवैध वसूली पर अंकुश लगाया जाए। इस दौरान मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह कहलो जिला मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह बिरक तहसील अध्यक्ष नागेंद्र कुशवाहा, ब्लॉक अध्यक्ष वीरपाल राजपुत सहित भारी संख्या में किसान नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *