बरेलीः उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की सहारनपुर और बरेली यूनिट ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस और टास्क फोर्स की इस रेड में करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक की अफीम की फसल पकड़ी गई है।
खेतों में लहलहा रही थी ’काली कमाई’
यह सनसनीखेज मामला बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के गुरवा गांव का है। यहाँ तस्करों ने पुलिस की नज़रों से बचकर बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती कर रखी थी। ANTF को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरवा गांव में अफीम की फसल तैयार की जा रही है, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की।
मौका पाकर आरोपी हुए फरार
कार्यवाही के दौरान मुख्य आरोपी छत्रपाल और राजेश्वर के नाम सामने आए हैं। हालांकि, पुलिस टीम के पहुँचने की भनक लगते ही दोनों शातिर आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने अवैध फसल को अपने कब्जे में ले लिया है और इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है।
ANTF की पैनी नज़र
सहारनपुर और बरेली यूनिट की इस संयुक्त कार्रवाई ने नशे के कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *