रुद्रपुर। नैनीताल मार्ग स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी द्वारा खाताधारकों की जमा धनराशि वापस न करने और अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप में मंगलवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में लोगों ने आवास विकास चौकी पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र का घेराव कर उन्हें तहरीर सौंपते हुए कंपनी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई और जमा धनराशि वापस दिलाने की मांग की गई।

संजय जुनेजा ने बताया कि तीनपानी डाम फुलसुंगा निवासी संदीप चौहान को सचिन नामक व्यक्ति ने एक वित्तीय संस्था की योजनाओं के बारे में जानकारी दी थी। संस्था का स्थानीय कार्यालय पीएसी गेट के सामने आवास विकास में संचालित बताया गया था। एजेंट ने दावा किया था कि संस्था बैंक की तरह कार्य करती है और प्रतिदिन जमा की जाने वाली धनराशि पर आकर्षक ब्याज दिया जाता है।

इसी भरोसे पर संदीप चौहान और उनकी पत्नी राजकुमारी चौहान ने प्रतिदिन एक-एक हजार रुपये जमा करने वाले खाते खुलवाए। आरोप है कि वर्तमान में संदीप के खाते में करीब 2.03 लाख रुपये और उनकी पत्नी के खाते में 1.85 लाख रुपये जमा हैं।

संदीप चौहान के अनुसार, जब उन्हें धनराशि की आवश्यकता पड़ी और उन्होंने खाते बंद कर भुगतान की मांग की, तो संस्था और एजेंट ने भुगतान देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उनसे अभद्रता की गई और कार्यालय में आने पर झूठे मुकदमे में फंसाने तथा हाथ-पैर तोड़ने की धमकी भी दी गई।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से संस्था और संबंधित एजेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ितों की जमा धनराशि वापस दिलाने की मांग की। चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस दौरान संदीप चौहान, शिशुपाल सिंह, रोहित चौहान, संजीव चौहान, अभिजीत, पवन, जसवीर, पुष्पेंद्र, भानु यादव, सूरज, प्रकाश, मदन, पप्पू, कमलेश, राजेश, रमेश और नरेंद्र सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *