सितारगंज। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) द्वारा घोषित अपर पीसीएस-2024 परीक्षा परिणाम में सितारगंज के फराज मियां ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में छठी रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने डिप्टी कलेक्टर पद हासिल कर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

वर्तमान में उत्तराखंड सचिवालय के पर्यटन विभाग में समीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत फराज मियां ने नौकरी के साथ-साथ कठिन परिश्रम और अनुशासित अध्ययन के बल पर यह सफलता अर्जित की। उन्होंने बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने सीमित लेकिन महत्वपूर्ण पुस्तकों का बार-बार अध्ययन किया और उत्तराखंड सामान्य ज्ञान व समसामयिक घटनाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया।

फराज ने बताया कि राज्य की गतिविधियों और स्थानीय मुद्दों की बेहतर समझ विकसित करने के लिए उन्होंने नियमित रूप से स्थानीय हिंदी समाचार पत्रों का अध्ययन किया। उनका मानना है कि निरंतरता, सही रणनीति और धैर्य ही सफलता की कुंजी हैं।

फराज की यह पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है। इससे पहले उन्होंने कई प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। यूकेएसएसएससी की कनिष्ठ सहायक परीक्षा उत्तीर्ण करने के अलावा वर्ष 2024 में आयोजित सचिवालय समीक्षा अधिकारी परीक्षा में प्रदेश में चौथी रैंक प्राप्त की थी। वर्ष 2025 में निर्वाचन आयोग की समीक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा में उन्होंने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त वह यूकेपीएससी की लोअर पीसीएस परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं, जिसका साक्षात्कार अगले माह प्रस्तावित है।

जीआईसी सितारगंज से शुरू हुआ सफलता का सफर

फराज मियां ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जीआईसी सितारगंज से प्राप्त की। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के बाद उन्होंने राजकीय पीजी महाविद्यालय खटीमा से बीएससी की डिग्री हासिल की तथा बाद में लखनऊ विश्वविद्यालय से एमबीए किया।

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और प्रेरणा को दिया। उनकी बहन गुड़िया बी वर्तमान में जीआईसी नैनीताल में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। फराज ने कहा कि परिवार का शैक्षणिक वातावरण और लगातार मिला प्रोत्साहन उनकी सफलता की मजबूत नींव बना।

फराज मियां की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *