कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सक्रिय मानसूनी बादलों, मौसमी निम्न दबाव क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण आज से राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार हिमालय से सटे जिलों के साथ-साथ कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पूर्वी बर्धमान, पूर्वी मेदिनीपुर और पश्चिमी मेदिनीपुर में भी भारी वर्षा हो सकती है।
बीते दिन कोलकाता और आसपास के इलाकों समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हुई मूसलाधार बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं दार्जिलिंग जिले के कई क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं।
बारिश के चलते सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग के मिरिक को जोड़ने वाला अस्थायी दुधिया लोहे का पुल भी ढह गया, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।