नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आज दिल्ली के सभी इलाकों सहित गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के अधिकांश हिस्सों तथा राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में दस्तक दे दी है। राजधानी दिल्ली में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून के उत्तर भारत के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी और मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार शनिवार तक बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, केरल, माहे और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में मानसून के आगमन के साथ राज्य के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश हुई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
वहीं, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में मानसून के समय से पहले पहुंचने के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। देर रात शुरू हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया।
हरियाणा के नारनौल में आज सुबह न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि एक दिन पहले अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
चंडीगढ़ स्थित मौसम केंद्र ने 7 जुलाई तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।