नई दिल्ली। एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने 1 जुलाई, 2026 को चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष के एकीकृत रक्षा स्टाफ (सीआईएससी) प्रमुख का पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्हें तीनों सेनाओं की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के पूर्व छात्र एयर मार्शल तेजिंदर सिंह 13 जून, 1987 को भारतीय वायु सेना की लड़ाकू शाखा में कमीशन प्राप्त हुए थे। वे श्रेणी ‘ए’ के योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं और उन्हें 4,500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव प्राप्त है।

अपने सैन्य करियर के दौरान उन्होंने एक लड़ाकू स्क्वाड्रन, एक रडार स्टेशन और एक प्रमुख लड़ाकू एयरबेस की कमान संभाली है। इसके अलावा वे जम्मू-कश्मीर के एयर ऑफिसर कमांडिंग के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वर्तमान नियुक्ति से पहले एयर मार्शल तेजिंदर सिंह दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) थे। उन्होंने वायु मुख्यालय और एकीकृत रक्षा स्टाफ में कई महत्वपूर्ण परिचालन, रणनीतिक और प्रशासनिक पदों पर भी कार्य किया है। वे उप वायु सेना प्रमुख और प्रशिक्षण कमान के एओसी-इन-सी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2007 में वायु सेना पदक, वर्ष 2022 में अति विशिष्ट सेवा पदक (एवीएसएम) तथा वर्ष 2026 में परम विशिष्ट सेवा पदक (पीवीएसएम) से सम्मानित किया जा चुका है।