ईटानगर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अरुणाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ के बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई एवं जमीनी दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

केंद्रीय मंत्री ने केयी पान्योर जिले सहित कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद सड़क मार्ग से गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे कराया जाएगा। जिन परिवारों के घर बह गए हैं, उनके लिए नए मकानों की व्यवस्था की जाएगी। फसलों, कृषि भूमि और पशुधन को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही प्रभावित लोगों को राशन और अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश दिए हैं। केंद्र सरकार की टीमें राज्य सरकार के साथ मिलकर राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।

दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्थानीय लोगों के सामुदायिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और नदी के पानी को गांव में प्रवेश करने से रोकने के लिए बनाई जा रही सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) के निर्माण कार्य में भी श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि बिना किसी औपचारिक स्वीकृति का इंतजार किए ग्रामीणों का स्वयं आगे आकर कार्य करना प्रेरणादायक है और यही सामुदायिक सहभागिता संकट से उबरने की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार राहत एवं पुनर्वास कार्य पूरी ईमानदारी और तत्परता से पूरा करेगी, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन जल्द से जल्द सामान्य हो सके।

इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने ईटानगर स्थित लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक से शिष्टाचार भेंट कर राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से अरुणाचल प्रदेश जल्द ही इस आपदा से उबरकर सामान्य स्थिति की ओर लौटेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi