रुद्रपुर। ग्राम जयनगर नंबर-5 में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सड़क किनारे आराम कर रहे युवक को एक अज्ञात वाहन चालक ने वाहन बैक करते समय कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार जयनगर नंबर-5 निवासी रवि सिंह (24) पुत्र स्व. चंदन सिंह निजी वाहनों में चालक का कार्य करता था। सोमवार शाम वह कालीनगर बाजार से सामान खरीदकर पैदल घर लौट रहा था। रास्ते में शिव मंदिर के पास वह कुछ देर आराम करने के लिए सड़क किनारे बैठ गया।
इसी दौरान वहां खड़े एक वाहन के चालक ने वाहन बैक किया, जिसकी चपेट में आकर रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रवि को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रवि तीन भाइयों में मझला था। उसकी असमय मौत से परिवार में मातम छा गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार वाहन चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है।